जोधा सिंह नगर में दुर्गा पूजा कमेटी ने कराया भंडारा, कन्याओं को कराया प्रसाद ग्रहण
_वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन-अर्चन, नौ दिनों तक चलता है मां का जागरण

*खखरेरू /फतेहपुर* नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर चार जोधा सिंह नगर में दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान वार्ड की कन्याओं को आमंत्रित कर उन्हें प्रसाद और फल वितरित किए गए। साथ ही दक्षिणा देकर कन्याओं का आशीर्वाद प्राप्त किया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल रहा। भक्तों ने मां दुर्गा के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष पवन मिश्रा ने बताया कि वार्ड संख्या चार जोधा सिंह नगर में कमेटी की ओर से कई वर्षों से लगातार भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में वाराणसी से पधारे प्रकांड विद्वान हर्ष महाराज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती कराई जाती है। श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव से मां दुर्गा की आराधना करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
उन्होंने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना के साथ जागरण का आयोजन भी किया जाता है। इसमें वार्ड के श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। कमेटी के सदस्यों और वार्डवासियों के सामूहिक सहयोग से धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होते हैं। भंडारे के आयोजन में कमेटी के सदस्य रविंद्र मिश्रा, दुर्गेश मिश्रा, अफसर मिश्रा, अखिलेश मिश्रा, आशु, अमित और शशांक सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहता है।
कमेटी अध्यक्ष पवन मिश्रा ने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में श्रद्धा, आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। सभी सदस्यों और वार्डवासियों के सहयोग से हर वर्ष भंडारे का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होता है। आयोजन में वार्ड के लोगों की सहभागिता इसे विशेष बनाती है।



