शिक्षा मंत्री एवं गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग
पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति देवरिया ने सौंपा ज्ञापन

देवरिया। पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति देवरिया के मंडल अध्यक्ष अरविंद गिरी के नेतृत्व में कलेक्ट परिसर में
नीट परीक्षा में व्यापक पैमाने पर हुई धांधली एवं लगातार तमाम परीक्षाओं में होने वाले पेपर लीक के खिलाफ पत्रक दिया गया।
दिल्ली में जंतर मंतर पर चल रहे छात्रों के आंदोलन के समर्थन में एवं छात्रों पर गृह मंत्रालय द्वारा नियंत्रित पुलिस के भयंकर दमन, लाठीचार्ज, पैलेटगन एवं इलेक्ट्रिक रोड्स के इस्तेमाल जैसी बर्बर कार्रवाई के विरोध में शिक्षा मंत्री एवं गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की गई। इसके लिये जिम्मेदार सभी पर कठोर कार्यवाही की मांग संबंधित लोकसभा अध्यक्ष को संबोधित पत्रक जिलाधिकारी देवरिया के माध्यम से प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर समान शिक्षा आंदोलन, उत्तर प्रदेश के सहसंयोजक डॉक्टर चतुरानन ओझा ने कहा कि सवाल सिर्फ नीट के परीक्षा का ही नहीं है बल्कि केंद्रीय स्तर पर आयोजित की जाने वाली प्रवेश परीक्षाएं और आज की पूरी शिक्षा व्यवस्था अलोकतांत्रिक और संवैधानिक है। शिक्षा के क्षेत्र में राज्यों के स्तर पर और विश्वविद्यालय के स्तर पर मिली स्वायत्तता को पूरी तरह खारिज कर दिया गया है। निजीकरण और कारपोरेटीकरण करके किसान मजदूर बच्चों को पूरी तरह शिक्षा से वंचित कर दिया गया है। इसकी जिम्मेदारी लेते हुए भी शिक्षा मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।
आज समान और पड़ोसी स्कूल की सबके लिए निशुल्क शिक्षा व्यवस्था लागू करना सुनिश्चित होना चाहिए।
ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधि मंडल में संत विनोबा पीजी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व महामंत्री नित्यानंद त्रिपाठी , वरुण सिंह बघेल, रामकिशोर वर्मा शामिल रहे।



