जनता दर्शन में 96 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मिला आयुष्मान कार्ड, डीएम के निर्देश पर तत्काल हुई कार्रवाई

जनता दर्शन में 96 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मिला आयुष्मान कार्ड, डीएम के निर्देश पर तत्काल हुई कार्रवाई
स्वाभिमान जागरण ,देवरिया
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए यथासंभव मौके पर ही समाधान कराने एवं पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने की पहल की।
इसी क्रम में विकासखंड तरकुलवा के ग्राम सिमरी निवासी बुचना पांडेय (लगभग 96 वर्ष) ने अपनी असहाय स्थिति बताते हुए जिलाधिकारी से आयुष्मान कार्ड बनवाने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी ने उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दूरभाष पर निर्देशित किया कि बुजुर्ग महिला का आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाया जाए। निर्देश के क्रम में आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बुचना पांडेय का आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाकर उपलब्ध कराया।
जिलाधिकारी ने स्वयं बुजुर्ग महिला को आयुष्मान कार्ड प्रदान करते हुए कहा कि इस कार्ड के माध्यम से उनका उपचार सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क कराया जा सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र व्यक्तियों को बिना विलंब योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
जनता दर्शन के दौरान ही विकासखंड भलुअनी के ग्राम सुराहा निवासी महेंद्र प्रसाद अपनी समस्या लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी ने उनकी स्थिति को देखते हुए श्रम प्रवर्तन अधिकारी को तत्काल श्रमिक कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। श्रम विभाग की टीम ने मौके पर ही महेंद्र प्रसाद का श्रमिक कार्ड बनाकर उन्हें उपलब्ध कराया। श्रमिक कार्ड जारी होने से वे उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी की इस पहल से पात्र लाभार्थियों को तत्काल योजनाओं का लाभ मिला। लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी के प्रति आभार प्रकट किया।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें सभी जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाए तथा कोई भी पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार पांडेय को निर्देश दिया कि 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी पात्र व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड बनवाना प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विकासखंड स्तर पर लक्ष्य निर्धारित किए जाएं तथा तहसील दिवस एवं थाना समाधान दिवस में विशेष शिविर लगाकर पात्र बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और कोई भी पात्र बुजुर्ग योजना के लाभ से वंचित न रहे।



