बृजमनगंज में चोरी की घटना से हड़कंप, परिवार के सदस्य पर ही शक पुलिस कर रही है जांच।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज।
थाना क्षेत्र बृजमनगंज के ग्राम चौका में चोरी की घटना सामने आई है, जिसमें परिवार के ही एक सदस्य पर शक जताया जा रहा है। घटना की सूचना राजू साहनी पुत्र हरिराम साहनी ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलने पर थाना बृजमनगंज की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
राजू साहनी ने बताया कि उनके घर से कुछ जेवरातऔर नगदी चोरी हो गई है। परिवार के सभी सदस्य बिजली कटे होने के कारण छत पर सो रहे थे, जबकि परिवार का चौथा नंबर का पुत्र अर्जुन साहनीघर के बाहर अकेले सो रहा था। जिस कमरे में चोरी हुई, उसका दरवाजा भी खुला पाया गया।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मौके पर गहनता से जांच की गई। घर का मुख्य द्वार ही नहीं था, जिससे चोरी के लिए कोई भी आसानी से प्रवेश कर सकता था। परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने चोरी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
जांच के दौरान राजू साहनी की पत्नी ने अर्जुन साहनी पर चोरी का शक जताया, जो घटना के समय घर के बाहर अकेले सो रहे थे। पुलिस अर्जुन साहनी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने घर के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ शुरू कर दी है और मामले पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि यदि पूछताछ में कोई ठोस सबूत मिलता है, तो आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने गांव में चर्चा का माहौल बना दिया है। ग्रामीणों ने पुलिस से इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने अपील की है कि परिवार के सदस्य और ग्रामीण पुलिस के साथ सहयोग करें, ताकि मामले का जल्द से जल्द निस्तारण किया जा सके।
यह घटना न केवल चोरी की समस्या को उजागर करती है, बल्कि परिवार के भीतर विश्वास की कमी और आपसी शक की स्थिति को भी सामने लाती है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


