धान क्रय केंद्रों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
किसानों से पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से धान खरीद सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से कल जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आनन्दनगर मंडी स्थित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद व्यवस्था का जायजा लेते हुए केंद्र प्रभारियों को किसानों के साथ विनम्र व्यवहार करने और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि आनन्दनगर मंडी में कुल आठ धान क्रय केंद्र संचालित हैं। इनमें खाद्य विभाग की विपणन शाखा के चार, नेफेड के तीन तथा मंडी समिति का एक केंद्र शामिल है। निरीक्षण के समय खाद्य विभाग के आनन्दनगर मंडी द्वितीय केंद्र पर बाजारडीह निवासी सत्येंद्र सिंह से 43.20 क्विंटल तथा तृतीय केंद्र पर इसी गांव के अजय प्रताप सिंह से 43.20 क्विंटल धान की तौल की जा रही थी। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को प्रतिदिन समय से केंद्र पर उपस्थित रहने, अधिक से अधिक किसानों से धान खरीदने तथा खरीदे गए धान को शीघ्र संबंधित मिलों तक भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में क्रय केंद्रों पर धान लंबित नहीं रहना चाहिए। वहीं, मंडी समिति की जर्जर सड़कों और परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। मंडी सचिव ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए मई माह में ही टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में हो
रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपनिदेशक मंडी (निर्माण) को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही मंडी परिसर में किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। डीएम ने किसानों से अपील की कि वे धान विक्रय के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल अथवा यूपी किसान मित्र ऐप के माध्यम से पंजीकरण कराएं। समर्थन मूल्य का भुगतान सीधे बैंक खाते में प्राप्त करने के लिए अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कराने और एनपीसीआई से मैपिंग सुनिश्चित करने की भी अपील की।
इस दौरान एसडीएम जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहें।



