टीएससीटी परिवार ने स्व. मिथिलेश कुमार वर्मा के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का लिया संकल्प।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, महराजगंज।
लक्ष्मीपुर विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय गजपति में कार्यरत रहे शिक्षामित्र स्वर्गीय मिथिलेश कुमार वर्मा के परिवार को टीएससीटी (टीचर्स सेल्फ केयर टीम) की ओर से करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। शनिवार को टीएससीटी की टीम ने उनके आवास पर पहुंचकर स्थलीय सत्यापन किया और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बताया जाता है कि स्वर्गीय मिथिलेश कुमार वर्मा का पिछले वर्ष असामयिक निधन हो गया था। वह टीएससीटी परिवार के नियमित सदस्य थे और टीम से जुड़ने के बाद संगठन के कार्यों में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहे। उनके निधन के बाद परिवार के सामने आई आर्थिक चुनौतियों को देखते हुए संगठन ने सहयोग का निर्णय लिया है।
टीएससीटी शिक्षकों के आपसी सहयोग और समन्वय से संचालित एक संगठन है, जो अपने किसी सदस्य के असामयिक निधन पर उसके आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराता है। संगठन के माध्यम से दिवंगत सदस्यों के परिवारों को लगभग 50 लाख रुपये या उससे अधिक की सहायता प्रदान की जाती है।
टीएससीटी के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद के निर्देश पर शनिवार को जिला सहसंयोजक दीपचंद पाल की अध्यक्षता में स्वर्गीय मिथिलेश कुमार वर्मा के आवास पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद ने स्वर्गीय मिथिलेश कुमार वर्मा की पत्नी श्रीमती पुष्पा वर्मा से फोन पर वार्ता कर उन्हें सांत्वना दी। साथ ही इसी माह टीएससीटी परिवार की ओर से करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
श्रद्धांजलि सभा में जिला सहसंयोजक दीपचंद पाल, अजय कुशवाहा, अनिल कुमार, जिला कोषाध्यक्ष सुनील गौतम, जिला आईटी सेल प्रभारी जितेंद्र पटेल, जिला मीडिया प्रभारी अरविंद कुमार गौड़, ब्लॉक संरक्षक डॉ. कैलाशनाथ मौर्य, लक्ष्मीपुर ब्लॉक टीम के प्रवक्ता राजेश्वर यादव, सुशील कुमार गौंड, बृजगोपाल गुप्ता, अनिल कुमार मद्धेशिया, अनिल कुमार यादव, देवेश पाण्डेय, परमहंस यादव सहित तमाम शिक्षक उपस्थित रहे।
टीएससीटी की यह पहल दिवंगत शिक्षक के परिवार के प्रति संगठन की संवेदनशीलता, एकजुटता और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण बनी।



