छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम हों, एनडीआरएफ के गोताखोर किए जाएं तैनात : निशान्त त्रिपाठी।
व्रतियों की सुविधा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, महराजगंज।
फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के संभावित प्रत्याशी निशान्त त्रिपाठी ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान सूर्य से सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए प्रशासन से छठ घाटों पर सुरक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
निशान्त त्रिपाठी ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, स्वच्छता, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस महापर्व में व्रती महिलाएं एवं पुरुष कठिन तपस्या, संयम और पूरी श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। सभी घाटों और जलाशयों की समय रहते साफ-सफाई कराई जाए तथा पानी की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि दोपहर बाद से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है। ऐसे में भीड़ नियंत्रण, आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जलाशयों में गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग कराई जाए तथा घाटों पर एनडीआरएफ की टीम अथवा प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
निशान्त त्रिपाठी ने प्रशासन से घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और रोशनी की समुचित व्यवस्था करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की धार्मिक एवं सामाजिक महत्ता को देखते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जानी चाहिए।
अंत में उन्होंने कहा कि व्रतियों की सुविधा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और छठ महापर्व की गरिमा बनाए रखना प्रशासन एवं समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सके।



