उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंजशिक्षा

आलमाइटी में भव्य बाल मेले का हुआ आयोजन।

 

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला महराजगंज।

बाल दिवस के अवसर पर आलमाइटी पब्लिक इण्टर कॉलेज बृजमनगंज में शनिवार को भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाकर, रोमांचक खेलों एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा,रचनात्मकता और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि धर्मेंद्र चौरसिया एवं विशिष्ट अतिथि बेचने भारती ने फीता काटकर किया।बाल मेले में बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने स्टॉल का संचालन किया।उनके द्वारा तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजनों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। इस प्रकार के आयोजन बच्चों में उत्साह, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बाल मेले के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ व्यवहारिक जीवन के महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त होते हैं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम ने कहा कि बाल मेले का मुख्य उद्देश्य नन्हीं प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना तथा उनमें आत्मविश्वास, कौशल विकास, व्यावसायिक समझ, टीम भावना और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है।उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना ही नहीं बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना भी है।इसके पूर्व पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेमशंकर चौहान ने उनके जीवन, व्यक्तित्व एवं बच्चों के प्रति उनके विशेष प्रेम पर विस्तार से प्रकाश डाला।बाल मेले में बच्चों का उत्साह, उमंग और खुशी देखते ही बन रही थी। विद्यालय प्रबंधन की इस पहल से बच्चों को अपनी छिपी हुई प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक बेहतर अवसर मिला। इस अवसर पर आलमाइटी प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक ईश्वरचंद चौरसिया सहित दोनों विद्यालयों के समस्त शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button