शौच के लिए गई दलित किशोरी से दुष्कर्म का आरोप
सुबह तीन बजे घर से करीब 50 मीटर दूर गई थी किशोरी, मां की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खखरेरु फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए घर से निकली नाबालिग दलित किशोरी के साथ गांव के ही एक युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री सुबह करीब तीन बजे घर से लगभग 50 मीटर दूर शौच के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गांव के एक युवक ने किशोरी को जबरन अपने ट्यूबवेल पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी रोते-बिलखते घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। जानकारी होने पर परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



