नगर पंचायत के शिवालय पोखरा, बाबा पोखरा सहित क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल।
परिवार , पुत्र एवं सभी की सुख-समृद्धि के लिए महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को दिया अर्घ्य।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज
बृजमनगंज नगर पंचायत के अलावा पूरे क्षेत्र में रविवार को छठ पर्व परंपरागत आस्था और श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। व्रती महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठ मईया की आराधना की। सोमवार की प्रातःकालीन सूर्य वंदना के साथ व्रत का समापन किया जाएगा।
शनिवार को व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ खरना की पूजा संपन्न की थी। स्वच्छता के साथ तैयार किए गए स्थान पर चूल्हा स्थापित कर अक्षत, धूप, दीप और सिंदूर से पूजन किया गया। इसके बाद आटे की रोटी और साठी चावल की खीर(रसियाव-रोटी) बनाकर प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ रविवार का निर्जला व्रत प्रारंभ हुआ।
शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बृजमनगंज क्षेत्र के उसका रोड स्थित साहब पोखरा, ठाकुरद्वारा पोखरा, प्राकृतेश्वर मंदिर देवगढ़वा, हरैया मौलाही, लेदवा,पृथ्वीपालगृह, फुलमनहा, सौरहाँ,लोहरसन, सोनाबंदी, मिश्रौलिया और बनगढहीया, हण्डियाकोट, सहजनवाबाबू,गुजरौलिया, मोहनगढ़ सहित विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
छठ घाटों पर मेले जैसा माहौल रहा। कई स्थानों पर देवी-देवताओं की झांकियां सजाई गईं और जागरण का आयोजन भी हुआ। नगर पंचायत एवं समाजसेवियों की ओर से घाटों की साफ-सफाई, साज-सज्जा और प्रकाश व्यवस्था की गई। रात में झालरों और रंगीन लाइटों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
सोमवार की भोर में व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके बाद पारण कर छठ व्रत का समापन करेंगी। इसी दिन छठ माता की प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन भी किया जाएगा। इस पूरे मौके पर स्थानीय थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा एवं सभी उपनिरीक एवं पुलिस कर्मी पूरे क्षेत्र में मुस्तैद रहे कि कहीं कोई अप्रिय घटना न घटे।



