बुजुर्गों के बीच ब्लाक प्रमुख अंजलि पांडेय ने मनाया धनतेरस, बांटी खुशियां।
पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय की बहू ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को अंगवस्त्र व मिठाई देकर किया सम्मानित, लिया आशीर्वाद।

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
धनतेरस के पावन अवसर पर गनेशपुर स्थित आधारशिला वृद्धाश्रम में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय की बहू एवं लक्ष्मीपुर की ब्लाक प्रमुख अंजलि पांडेय के सौजन्य से हुआ। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों को अंगवस्त्र और मिठाई भेंटकर सम्मानित किया तथा उन्हें अपने हाथों से भोजन कराया। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख अंजलि पांडेय ने कहा कि बुजुर्गों के बीच समय बिताकर उनका स्नेह, आशीर्वाद और अपनापन प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। धनतेरस केवल सोना-चांदी खरीदने का पर्व नहीं, बल्कि खुशियां बांटने और अपनों के साथ खुशियां साझा करने का त्योहार है। हमारे बुजुर्ग ही असली लक्ष्मी हैं और उनका आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि पूर्व सभापति परिवार हमेशा से सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहा है और वह भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही हैं।कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों ने ब्लाक प्रमुख को आशीर्वाद दिया। आश्रम परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपावली की खुशियां साझा की गईं। बुजुर्गों ने भजन और दीपावली के गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा वातावरण भावुकता और उल्लास से भर उठा।आश्रम प्रबंधक ने बताया कि यहां 20 से अधिक निराश्रित बुजुर्ग रहते हैं। त्योहार के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम से बुजुर्गों को परिवार जैसा अपनापन महसूस हुआ। आश्रम परिसर को दीयों और झालरों से सजाया गया था।इस दौरान गंगाराम यादव, ऋषि चौरसिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में सभी बुजुर्गों को भोजन कराकर कार्यक्रम का समापन किया गया।



