उत्तर प्रदेशफतेहपुर

श्मशान की जमीन पर कब्जे का आरोप, रातोंरात खुदवा दिया शौचालय का गड्ढा

दरियामऊ में दलित समाज के लोगों में आक्रोश, एसडीएम ने जांच के लिए टीम गठित करने का दिया आश्वासन

 

 

*खखरेरू फतेहपुर नगर पंचायत क्षेत्र के दरियामऊ स्थित अंबेडकर नगर वार्ड में श्मशान की जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि देवरा तालाब के पास स्थित दलित समाज की श्मशान भूमि पर रातोंरात शौचालय का गड्ढा खुदवा दिया गया। इसकी जानकारी होने पर दलित समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जमीन को कब्जामुक्त कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के मुताबिक, देवरा तालाब के किनारे स्थित इस जमीन का उपयोग दलित समाज के लोग वर्षों से अंतिम संस्कार और मिट्टी के कार्य के लिए करते आ रहे हैं। आरोप है कि रक्षपालपुर निवासी एक व्यक्ति ने रात के अंधेरे में जेसीबी अथवा अन्य साधन से यहां शौचालय का गड्ढा खुदवा दिया। श्मशान की जमीन पर इस तरह निर्माण की कोशिश से समाज के लोगों की धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।

इस मामले को लेकर रामकिशोर, रामखेलावन, भैयालाल, सोनू कुमार, प्रवीण, अमित कुमार समेत दर्जनों लोगों ने प्रशासन से शिकायत कर हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान भूमि उनके पूर्वजों की आस्था और परंपरा से जुड़ी है। ऐसे में किसी को भी इस पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने मांग की है कि राजस्व अभिलेखों के आधार पर जमीन की पैमाइश कराकर उसे कब्जामुक्त कराया जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

इस संबंध में खागा के एसडीएम अश्वनी पांडेय ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button