अवैध पटाखों का जखीरा बरामद, एक गिरफ्तार।

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को तहसीलदार सदर और श्यामदेउरवां पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बभनौली में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध आतिशबाजी के पटाखे बरामद किए। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर ग्राम बभनौली निवासी राघवेंद्र सिंह के कमरे में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान 20 बोरी, तीन झोला और एक गत्ते में विभिन्न प्रकार के आतिशबाजी के पटाखे मिले। इस दौरान मौके से सोनू चौबे पुत्र नगीना चौबे निवासी बरवा बाबू, थाना पिपराइच, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना श्यामदेउरवां में मुकदमा अपराध संख्या 289/2026, धारा 5/9(बी) विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
संयुक्त टीम में तहसीलदार सदर पंकज शाही, उपनिरीक्षक अनीश कुमार सिंह, शुभम कुमार चौबे, अंकित श्रीवास्तव सहित हेड कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल प्रमोद यादव, विकास यादव व राजू कुमार यादव शामिल रहे।



