उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंज

खाद की अवैध तस्करी में दो आरोपी गिरफ्तार।

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में खाद की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोल्हुई पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 14 बोरी यूरिया खाद और तस्करी में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोल्हुई पुलिस ने ग्राम राजपुर खड़लापुर बाईपास से गुरहिता रोड के पास कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विकास यादव निवासी हैरया रघुवीर टोला भैंसहा, थाना पुरंदरपुर और प्रदीप कुर्मी निवासी ग्राम झिंगुआ, थाना फरेंदा के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामद ई-रिक्शा (यूपी 56 एटी 9166) और 14 बोरी यूरिया खाद को कब्जे में लेकर धारा 113 कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इसके बाद दोनों आरोपितों और बरामद माल को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया गया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजीव कुमार सिंह और कांस्टेबल राजू यादव शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button