सीमा पर 75 बोरी कद्दू बीज बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार।
निचलौल पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने पकड़ी 3,000 किलो कद्दू बीज की खेप, पिकअप वाहन भी जब्त

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निचलौल पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 75 बोरी कद्दू बीज बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद कद्दू बीज का कुल वजन तीन हजार किलोग्राम बताया गया है। मौके से तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने चार नवंबर की रात करीब 2:30 बजे 13×4 पुल से गेंडहवा जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई की। इस दौरान 75 बोरी कद्दू बीज और एक पिकअप वाहन पकड़ा गया।
मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान हैदर अली (28) पुत्र रहमतुल्लाह निवासी खैरहवा दूबे, थाना परसामलिक, जनपद महराजगंज के रूप में हुई। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में धारा 113 कस्टम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद आरोपी और बरामद माल को कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया गया।
कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम में पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, कपिल प्रजापति, कांस्टेबल रामआशीष यादव और राजन कुमार शामिल रहे। वहीं एसएसबी की ओर से निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय सहित अन्य जवानों ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।



