उत्तर प्रदेशफतेहपुर

सीमा विवाद में किन्नरों के दो गुट भिड़े, आधे घंटे बाधित रहा रक्षपालपुर-कोट मार्ग

दीपावली की बख्शीश मांगने को लेकर हुआ विवाद, सड़क पर जुटी सैकड़ों की भीड़; बाद में दोनों पक्ष पहुंचे थाने

 

खखरेरू फतेहपुर दीपावली की बख्शीश मांगने और क्षेत्र के बंटवारे को लेकर बुधवार शाम रक्षपालपुर चौराहे पर किन्नरों के दो गुटों के बीच जमकर हंगामा हुआ। दोनों पक्षों के बीच करीब आधे घंटे से अधिक समय तक तनातनी और नोकझोंक चलती रही। इसके चलते रक्षपालपुर-कोट मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। त्योहार के मद्देनजर खरीदारी करने पहुंचे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब चार बजे रवीना गुट के किन्नर रक्षपालपुर में दुकानों पर जाकर दीपावली की बख्शीश मांग रहे थे। इसी दौरान मीना गुट के आधा दर्जन से अधिक किन्नर वहां पहुंच गए और क्षेत्र को अपना बताते हुए विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों गुटों के एक दर्जन से अधिक सदस्य आमने-सामने आ गए। दोनों पक्ष अपने-अपने क्षेत्र का दावा करते हुए हंगामा करने लगे।
हंगामे के कारण रक्षपालपुर-कोट मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुकने से राहगीरों और दुकानदारों को दिक्कत हुई। वहीं, हंगामा देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। काफी देर तक चले विवाद के बाद दोनों गुट क्षेत्र के बंटवारे को लेकर शिकायत करने थाने पहुंचे।
इस संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सीमा विवाद को लेकर हंगामा हुआ था पुलिस बल मौके पर भेजकर मामला शांत करवाया गया।

Related Articles

Back to top button