उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंज

राम-रावण युद्ध के बाद हुआ रावण दहन, भरत मिलाप कल।

 

 

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला, महराजगंज।

बृजमनगंज की प्रसिद्ध ऐतिहासिक रामलीला का आज बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण दहन के साथ शानदार समापन हुआ।

रावण के विशाल पुतले में जैसे ही आग लगाई गई, पूरा रामलीला मैदान “जय श्री राम” के जयकारों से गूंज उठा। रावण दहन देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। आतिशबाजी के बीच रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले धू-धू कर जल उठे, जिसे देखकर लोगों में हर्ष और उल्लास का माहौल रहा।

मेले में लगे झूले, चाट-पकौड़ी की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल एवं रामलीला समिति द्वारा बहुत ही सुव्यवस्थित तरीके से की गई थी। बताते चले कि ठाकुरद्वारा मंदिर से भगवान राम, लक्ष्मण और सीता जी की मनोहारी झांकी गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। झांकी रेलवे स्टेशन रोड, मुख्य चौराहा, वार्ड नंबर 7 और धानी मोड़ होते हुए रामलीला पार्क (मेला ग्राउंड) पहुंची, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

रामलीला पार्क में लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध की लीला का मंचन किया गया, जिसके बाद देर शाम मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम द्वारा रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया। पुतले में आग लगते ही पूरा मैदान “जय श्री राम” के उद्घोष से गूंज उठा और आतिशबाजी से आसमान रोशन हो गया। रावण दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

 

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद।

 

मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रहा। मेले का निरीक्षण फरेंदा क्षेत्राधिकारी (CO) दीप शिखा वर्मा ने किया। इस दौरान थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से तीन थानों की पुलिस फोर्स लगाई गई है, ताकि मेले में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रामकुमार कसौधन, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल, रूप नारायण जायसवाल, सोनू मिश्रा, सभासद झिनक विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र चौरसिया, अनूप चौरसिया,राजन चौरसिया, बुद्धिराम, विनोद त्रिपाठी, राजू जायसवाल , नगर पंचायत के समस्त कर्मचारियों, सफाई कर्मी सहित हजारों लोगों की भीड़ मेले में मौजूद रहे l

समिति ने बताया कि कल भरत मिलाप की भावुक लीला के साथ इस वर्ष की रामलीला का विधिवत समापन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button