LIVE TVउत्तर प्रदेशदेवरियाराजनीतिराज्य

ग्राम नरसिंहडाड में ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ’ संकल्प सभा सम्पन्न

 

 

स्वाभिमान जागरण मईल देवरिया, 01 नवंबर। ग्राम नरसिंहडाड में रविवार को ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ’ विषयक संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की और लोकतंत्र, मताधिकार की सुरक्षा तथा चुनावी प्रक्रिया में नागरिक भागीदारी पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय समानता दल, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं है, बल्कि आम नागरिक की राजनीतिक ताकत और संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की पारदर्शिता, निष्पक्ष चुनाव और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता लोकतंत्र की बुनियाद हैं, जिसके प्रति प्रत्येक नागरिक को जागरूक होना चाहिए।

भाकपा (माले) के प्रदेश सचिव विनोद सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है। जनता के मताधिकार की रक्षा करना सभी लोकतांत्रिक संगठनों और जागरूक नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है । अनिल शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल चुनाव के समय की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि निरंतर जनजागरूकता और नागरिक भागीदारी से ही संभव है। इसके लिए गांव-गांव में जनसंवाद और मतदाता जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।

समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरेराम यादव ने कहा कि संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को प्राप्त मतदान के अधिकार का संरक्षण होना चाहिए और लोकतंत्र में जनता की आवाज व उसके मत का सम्मान सर्वोपरि है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार की रक्षा हेतु संयुक्त रूप से जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर हरेकृष्ण, गुलाब यादव, रामाशीष, सुनील, रामग्यास, अनिरुद्ध चौहान, बाबूलाल चौहान, राजू यादव, मनोज गोड़, विकास, महंथ, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button