उत्तर प्रदेशफतेहपुर

खखरेरू कबूतर पकड़ने की कोशिश एक 10 वर्षीय मासूम के लिए मुसीबत बन गई

खखरेरु फतेहपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 सरोजिनी नगर निवासी साबिर अली का बेटा रेहान शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बारिश के कारण फिसलकर 80 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। कुएं में 25 फीट से अधिक पानी भरा होने के कारण बचाव अभियान में लगातार बाधाएं आती रहीं। पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम घंटों मशक्कत करती रही, लेकिन सात घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी मासूम को बाहर नहीं निकाला जा सका। आखिरकार प्रशासन ने तीन पंपिंग सेट लगाकर कुएं का पानी निकालने का काम शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार, रेहान शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने साथियों के साथ घर से निकला था। घर से लगभग 800 मीटर दूर स्थित पुराने कुएं, जिसे स्थानीय लोग लाल मियां का कुआं बताते हैं, के पास बच्चे कबूतर पकड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बारिश से कुएं के आसपास हुई फिसलन के चलते रेहान का पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। हादसे के बाद उसके साथियों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में जेसीबी की मदद से बचाव का प्रयास किया गया, लेकिन करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद भी सफलता नहीं मिली। इसके बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने भी बचाव अभियान चलाया, लेकिन कुएं में अधिक पानी होने से प्रयास सफल नहीं हो सका। लगातार असफल प्रयासों के बाद प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से तीन पंपिंग सेट लगवाकर कुएं का पानी निकालना शुरू कराया।

थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि कुएं में तीन पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालने का काम शुरू करा दिया गया है। पानी निकलने के बाद रेहान को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button