बिना लाइसेंस लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में चालक गिरफ्तार, बच्चे की मौत के मामले में भेजा गया जेल।
पुरंदरपुर पुलिस ने रानीपुर चौराहे के आगे पुल के पास से दबोचा, विवेचना में धारा 106(1) की जगह 105 बीएनएस की बढ़ाई गई धारा।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, पुरन्दरपुर, महराजगंज।
महराजगंज जनपद के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में बच्चे की मौत के मामले में वांछित चल रहे वाहन चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इसी दौरान हुई दुर्घटना में बच्चे की मौत हो गई थी। मामले में विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 106(1) बीएनएस को बदलकर धारा 105 बीएनएस में तरमीम किया है। पुलिस के अनुसार, थाना पुरंदरपुर में बीएनएस में मुकदमा दर्ज था। मामले में वांछित चल रहे रघुनाथपुर गांव के टोला कोदईपुर उर्फ गिदहा निवासी मंजेश पासवान (26) पुत्र रामचंद्र पासवान को 30 अक्टूबर को रानीपुर चौराहे से आगे पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।



