मईल थाना क्षेत्र में अधिवक्ता के घर 25 लाख की चोरी से क्षेत्र में मचा हड़कम्प
स्वाभिमान जागरण मईल, देवरिया, 01 नवंबर। जनपद के मईल थाना क्षेत्र अंतर्गत ईशारू ग्राम पंचायत में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पीड़ित अधिवक्ता सूर्य प्रकाश द्विवेदी के घर के पीछे की तरफ की खिड़की तोड़कर अज्ञात चोरों ने घर में रखे जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की रात पीड़ित परिवार भोजन कर सोया हुआ था। पीड़ित के पिता की तबीयत खराब होने के कारण अधिवक्ता सूर्य प्रकाश द्विवेदी और उनकी पत्नी घर के बाहर गोलम्बर में सो रहे थे। इसी का लाभ उठाते हुए अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश किया।
चोरों ने कमरे में रखी आलमारी और बक्से का ताला तोड़कर सोने का हार, चेन, चूड़ी, अंगूठी, मंगलसूत्र, बाली तथा चांदी की पायल, बिछिया, करधन और 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिया। सुबह पड़ोसी ने टूटी हुई खिड़की देखी तो इसकी सूचना मकान मालिक व पुलिस को दी।
सूचना पर मईल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य संकलन किया। फिंगर प्रिंट व अन्य नमूने लिए गए हैं।
इस संबंध में सीओ बरहज रंजना सचान ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की मदद से चोरों की तलाश में जुटी है। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।



