श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के तीसरे दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अरणी मंथन से प्रकट हुई अग्नि, हवन-पूजन का हुआ शुभारंभ

स्वाभिमान जागरण मईल देवरिया।
विशुनपुरा, लार रोड (देवरिया)। श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के तीसरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों के बीच वैदिक परंपरा के अनुसार अग्नि मंथन कर अग्नि देव को प्रकट किया गया। इसके साथ ही विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन का शुभारंभ हुआ।इस अवसर पर आचार्य शिवा जी पाण्डेय, पंडित मोहन मिश्र, पंडित देवेंद्र मिश्र, अनुज मिश्र सहित अन्य विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रों का उच्चारण करते हुए पारंपरिक विधि से अग्नि मंथन कराया। अग्नि प्रज्ज्वलित होने के बाद यज्ञ मंडप में हवन का कार्यक्रम शुरू हुआ। पूरा वातावरण भक्तिमय एवं वैदिक मंत्रों से गुंजायमान हो उठा।
वहीं, लगातार हो रही बारिश के कारण रास मंडली द्वारा तीसरे दिन भगवान श्रीकृष्ण की सुंदर एवं मनमोहक झांकी का आयोजन किया गया। कृष्ण लीला का शुभारंभ ग्राम कुंडवलतारा निवासी बब्लू उपाध्याय ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर किया।
रास मंडली के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भगवान श्रीकृष्ण की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आयोजन समिति के अनुसार रविवार की रात्रि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की दिव्य लीला का मंचन किया जाएगा, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठानों एवं लीलाओं के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति और आध्यात्मिकता के वातावरण में सराबोर हो रहे हैं।



