उत्तर प्रदेशफतेहपुर

नाली की सफाई और पानी निकासी को लेकर विवाद, कुल्हाड़ी व रॉड से हमले का आरोप

बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट का आरोप, पीड़िता ने थाने में दी तहरीर

 

*खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव में नाली की सफाई और सबमर्सिबल के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर मारपीट हुई। पीड़िता सीता देवी ने पड़ोसियों पर गाली-गलौज करते हुए कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आने की बात कही गई है।

पीड़िता की ओर से थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, एक नवंबर की सुबह करीब सात बजे नाली की सफाई और सबमर्सिबल के पानी के निकास को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी मारपीट का शिकार होना पड़ा।

पीड़िता ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

इस संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर प्राप्त हुई जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button