मईल थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, त्योहारों को शांतिपूर्ण मनाने की अपील

स्वाभिमान जागरण।
मईल, देवरिया। मईल थाना परिसर में सोमवार को आगामी त्योहारों के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धनतेरस, दीपावली, भैया दूज, गोवर्धन पूजा एवं छठ पूजा को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम बरहज प्रवीण कुमार एवं क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान ने कहा कि सभी लोग त्योहारों को शांति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी दुकानदार बिना लाइसेंस के पटाखों की दुकान नहीं लगाएगा। धनतेरस पर ज्वेलर्स दुकानदार सतर्कता के साथ आभूषणों की बिक्री करें तथा सभी प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखें। दीपावली के दिन रात्रि 10 बजे के बाद पटाखों का प्रयोग न किया जाए।
बैठक में मौजूद जिला अग्निशामक अधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि लोग सावधानीपूर्वक पटाखों का प्रयोग करें और लापरवाही बरतने से बचें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से थानाध्यक्ष विकास नाथ, एसआई रामअवध, कन्हैया तिवारी, डॉ. राम मनोहर मणि त्रिपाठी, राजन वर्मा, आनंद वर्मा, गुलाटी चौधरी सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



