फतेहपुर

संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा हुई लापता, मां ने गांव के तीन युवकों पर लगाया बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप

खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित मां ने गांव के ही तीन युवकों पर उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया है।

महिला द्वारा थाने में दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, उसकी नाबालिग पुत्री बुधवार तड़के करीब 3 बजे घर से अचानक गायब हो गई। परिजनों ने बच्ची की तलाश आसपास के क्षेत्रों एवं रिश्तेदारी में की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

महिला ने आरोप लगाया कि गांव के निवासी ननकू, नारायण एवं गोरे उसकी पुत्री को लंबे समय से बहला-फुसलाकर परेशान कर रहे थे। दो महीने पूर्व ननकू को छात्रा से घर में बात करते हुए महिला के पति ने पकड़ भी लिया था। उस समय दोनों पक्षों के बीच कहा-सुनी हुई थी, लेकिन पुत्री की इज्जत के चलते परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी।

पीड़िता की मां का कहना है कि जब छात्रा स्कूल जाती थी, तो उक्त युवक रास्ते में उसे बहकाने और परेशान करने का काम करते थे। घटना वाले दिन भी वही लोग उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर कहीं ले गए हैं।

इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!