LIVE TVउत्तर प्रदेशदेवरियाब्रेकिंग न्यूज़

पोखरे में गिरी कार, छठ मनाने सिवान जा रहा था परिवार

स्वाभिमान जागरण देवरिया। बिहार के सीवान जिले के तरवारा निवासी प्रदीप प्रभाकर (50) अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ भोपाल से छठ पर्व मनाने अपने गांव जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे उनकी कार लार-पिंडी मार्ग पर कोहरा गांव के पास जटाधारी बाबा स्थान के समीप पहुंची थी। इसी दौरान अचानक कार का स्टीयरिंग लॉक हो गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन कार सड़क किनारे बनी छठ बेदी को तोड़ते हुए पोखरे में जा गिरी।

कार के पानी में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। बिना देर किए ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया और कार में फंसे परिवार के चारों सदस्यों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे में रुद्रांश को हल्की चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए लार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
उधर, पोखरे में डूबी कार को बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार को पोखरे से बाहर निकाला गया। छठ पर्व मनाने की खुशी लेकर घर लौट रहे परिवार की यात्रा अचानक हादसे में बदल गई, लेकिन सभी के सुरक्षित बच जाने से परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Related Articles

Back to top button