विरोध करने पर बुजुर्ग महिला से गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
खखरेरु फतेहपुर थाना क्षेत्र के बैरी गांव में खेत में बोई गई सरसों और चने की फसल को ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग महिला ने अपने देवर और दो भतीजों पर फसल बर्बाद करने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाते हुए पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैरी गांव निवासी प्रेमा देवी पत्नी स्वर्गीय अरुण कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 18 अक्टूबर को अपने खेत में सरसों और चने की बुवाई की थी। फसल अंकुरित होकर तैयार हो रही थी। इसी दौरान वह अपनी बेटी के साथ प्रयागराज गई हुई थीं। आरोप है कि पांच नवंबर को उनके देवर दीप नारायण सिंह और भतीजे सावन सिंह व अनुराग सिंह ने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर उनकी बोई हुई फसल नष्ट कर दी।
प्रेमा देवी के मुताबिक, प्रयागराज से गांव लौटने पर उन्हें फसल बर्बाद किए जाने की जानकारी हुई। जब उन्होंने आरोपियों से इसका कारण पूछा तो उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली गलौज की गई। आरोपियों ने उन्हें गांव में खेती नहीं करने देने और जान से मारने की धमकी भी दी। बुजुर्ग महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

