बेटे की मौत को तीन महीने बीते, पुलिस की जांच पर उठे सवाल; 18 नवंबर को लार थाना गेट पर धरना देंगे परिजन
हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप
एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग
स्वाभिमान जागरण देवरिया। लार थाना क्षेत्र के परासी चकलाल गांव में युवक दुर्गेश पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला एक बार फिर गरमा गया है। घटना के करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक देवरिया को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही चेतावनी दी है कि 18 नवंबर को लार थाने के गेट पर भारी संख्या में लोग जुटकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
शिकायती पत्र में मृतक के पिता रादयाल पाल ने बताया है कि उनके पुत्र दुर्गेश पाल की 21 अगस्त 2026 को अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर हत्या कर दी थी। आरोप है कि हत्या करने के बाद उसके शव को घर से कुछ दूरी पर फंदे से लटका दिया गया था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ 27 अगस्त 2026 को अपराध संख्या 0244 के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आज तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। न्याय की उम्मीद लेकर वे कई बार लार थाने का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें हर बार निराशा ही हाथ लगी। पुलिस की ओर से न तो कोई संतोषजनक जवाब दिया जा रहा है और न ही मामले में प्रगति की जानकारी मिल रही है।
लगातार अनदेखी से क्षुब्ध मृतक के पिता ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। उन्होंने शिकायती पत्र के माध्यम से स्पष्ट किया है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो 18 नवंबर को लार थाना गेट पर भारी संख्या में लोगों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
तीन महीने बाद भी न्याय की आस में परिवार
एक पिता अपने बेटे की मौत का सच जानने और न्याय पाने के लिए थाने से लेकर अधिकारियों तक गुहार लगा रहा है। अब सवाल यह है कि आखिर दुर्गेश की मौत के मामले में जांच कहां तक पहुंची और परिजनों को न्याय के लिए थाने के गेट पर धरना देने की नौबत क्यों आ रही है?


