गुरसंडी गाँव स्थिति काॅलेज में रोजगार मेले का आयोजन, 12 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के गुरसंडी स्थित निष्पक्ष देव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आज रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर अपनी किस्मत आजमाई।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कृष्णा पासवान एवं बुंदेलखंड राष्ट्रीय समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने फीता काटकर किया। इसके उपरांत राज्य मंत्री कृष्णा पासवान व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
रोजगार मेले में देश के विभिन्न प्रदेशों से आई 12 नामी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और चयन प्रक्रिया पूरी की। युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ इंटरव्यू में भाग लिया और अपनी योग्यता का प्रदर्शन किया।
चयन प्रक्रिया के बाद 12 प्रतिभागियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र पाते ही युवाओं के चेहरे खिल उठे और उनके माता-पिता की आंखों में खुशी झलक उठी।
इस अवसर पर राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ऐसे रोजगार मेले गांव-गांव तक युवाओं को अवसर पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं और बाकी युवाओं को निराश न होने की सलाह दी।
बुंदेलखंड राष्ट्रीय समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने कहा कि बुंदेलखंड के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच की जरूरत है। यह रोजगार मेला उसी दिशा में एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में जिला सेवा योजन अधिकारी प्रवीण कुमार यादव, शैलेश पांडे, चेतन बाजपेयी, मनीष पांडे, रामनरेश तिवारी, गिरीश दुबे, राकेश अरोरा, महेंद्र सिंह, आनंदी प्रसाद सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और कंपनियों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।



