बाजार में युवती से अश्लील हरकत का आरोप, विरोध पर भाई-बहन से मारपीट
बीच-बचाव करने पहुंचे दो युवकों के सिर में भी आई चोट
खखरेरु फतेहपुर क्षेत्र के गेरिया चौराहा स्थित बाजार में मंगलवार शाम युवती से अश्लील हरकत करने और विरोध पर उसके भाई व अन्य लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने फोन कर अपने समर्थकों को लाठी-डंडों के साथ मौके पर बुला लिया, जिससे बाजार में अफरातफरी मच गई। पीड़ित ने नामजद आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
आलमपुर गेरिया निवासी विपिन सिंह पुत्र पुत्तन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 नवंबर की शाम करीब छह बजे वह अपनी बड़ी बहन के साथ चौराहे की बाजार में सब्जी और घरेलू सामान खरीदने गया था। आरोप है कि इसी दौरान जुबैर पुत्र रेफाकत निवासी अंजना कबीर ने उनकी गाड़ी के पीछे अश्लील हरकत की। विरोध करने पर आरोपी ने गाड़ी में टक्कर मार दी और भाई-बहन के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता की।
तहरीर के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने ग्रामीणों के साथ भी अभद्रता की और लोगों को बुलाकर पिटवाने की धमकी दी। इसी बीच अनुज सिंह और अमित सिंह ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने अनुज को धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के दौरान विपिन और अनुज के सिर में चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने फोन कर अपने पक्ष के लोगों को लाठी-डंडों और हथियारों के साथ चौराहे पर बुला लिया। इससे बाजार में तनाव और अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच वाहन टकराने को लेकर विवाद हुआ था। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


