फतेहपुर

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर खखरेरू में जश्न

खखरेरू/फतेहपुर। नगर पंचायत खखरेरू के रक्षपालपुर चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी के मनोनीत होने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। भाजपा नेता जनसेवक राजेश सिंह के नेतृत्व में चौराहे पर ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “योगी-मोदी-पंकज चौधरी” के नारे लगाए, जिससे पूरा चौराहा गूंज उठा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक द्विवेदी ने कहा कि भाजपा की सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में हर वर्ग के लोगों को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है और पंकज चौधरी का प्रदेश अध्यक्ष बनना इसी नीति का उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा।

इस अवसर पर पूर्व प्रधान महेन्द्र सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। कार्यक्रम में रितु पटेल, विवेक सिंह, राहुल सिंह, बब्बू पांडेय, पवन भोजवाल सहित करीब आधा सैकड़ा भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और पार्टी की मजबूती के लिए संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!