प्राथमिक विद्यालय के रास्ते पर अतिक्रमण, युवा समाजसेवी ने एसडीएम से की शिकायत।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बग्ला महराजगंज।
विकासखंड बृजमनगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरैया मौलाही में स्थित प्राथमिक विद्यालय के रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर स्थानीय युवा समाजसेवी ने उपजिलाधिकारी फरेंदा से शिकायत कर रास्ता खुलवाने की मांग की है।
युवा समाजसेवी ने दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि प्राथमिक विद्यालय हरैया मौलाही तक जाने के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं है और कई वर्षों से एक निजी रास्ते से होकर ही आवागमन किया जाता रहा है। वर्तमान समय में कुछ लोगों द्वारा उक्त रास्ते को अवरुद्ध किया जा रहा है, जिससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं ग्रामीणों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी बताया कि रास्ते को अवरुद्ध करने वाले लोगों द्वारा खेल मैदान पर भी कब्जा कर लिया गया है। इस संबंध में कई बार मौखिक रूप से ब्लॉक के अधिकारियों व ग्राम प्रधान को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
युवा समाजसेवी ने उपजिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने और शीघ्र मार्ग बनवाने की मांग की है, ताकि विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।



