दो बच्चों की जान लेने के बाद पति ने की आत्महत्या, पत्नी पर लगाया आरोप।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज।
महराजगंज जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। सशस्त्र सीमा बल में तैनात एक महिला कर्मी के पति ने अपने मासूम बेटी और बेटे की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली, बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों को खिड़की से रस्सी के सहारे लटका दिया गया, इसके बाद पति ने छत के कुंडे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
मृतक ने मौत से पहले कमरे की दीवार पर सुसाइड नोट भी लिखा है। नोट में लिखा है कि – हमारी मौत का कारण मेरी पत्नी और पत्नी का आशिक सोनू गौतम है, मेरे साथ रहते हुए भी सोनू से बात करती है। मैं बच्चों को अपने से दूर नहीं कर सकता हूं।
घटना रविवार सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है, जब पति ने बच्चों की हत्या की तो उनकी चीख सुनकर नीचे की मंजिल पर रहने वाले किराएदारों को शक हुआ, उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद वे ऊपर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। तब उन्होंने महिला जवान को फोन कर घटना की जानकारी दी, उस समय वह ड्यूटी पर थी।
कुछ देर बाद महिला जवान घर पहुंची और दरवाजा खटखटाया, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया। दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। खिड़की के सहारे 4 साल के बेटे और 3 साल की बेटी का शव लटका हुआ था, जबकि पति का शव कमरे में फंदे से झूल रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस और सशस्त्र सीमा बल के जवान मौके पर पहुंच गए। महिला जवान नौतनवा में नेपाल बॉर्डर पर तैनात है और गांधी नगर इलाके में किराए के मकान में परिवार के साथ रहती थी। उसका पति घर पर ही रहता था और कोई काम नहीं करता था। परिवार मूल रूप से गाजीपुर जिले के सैदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। बच्चों व पति की लाश देखकर पत्नी बेहोश हो गई। थोड़ी देर बाद होश में आने पर वह फर्श पर लेटकर रोने लगी, मासूम बच्चों के शव से लिपटकर बिलखते हुए वह फिर बेहोश हो गई।
कमरे की दीवार पर मृतक अमरेश ने सुसाइड नोट लिखते हुए आरोप लगाया कि मेरे साथ रहकर भी मेरी पत्नी वंदना, सोनू को कॉल करती है। बोलती है तुम मेरा कुछ नहीं कर सकते हो। मैं अपने बच्चों को दूर नहीं कर सकता हूं। हमारी मौत का कारण मेरी पत्नी वंदना कुमारी और उसका आशिक सोनू गौतम, वंदना के पिता रामअवतार, मां चंदा देवी, भाई नवीन कुमार, उसकी पत्नी सुनीता देवी और अमरनाथ हैं। ये लोग पैसे के लिए मेरी पत्नी को अपने घर बुलाते हैं। पत्नी हर महीने 5000 रुपए देती है। इनका आशिक सोनू गौतम भी पैसे लेता है, सोनू की वजह से आज पूरा परिवार खत्म हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।



