निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में सैकड़ों मरीजों की जांच, 45 मोतियाबिंद मरीज ऑपरेशन के लिए भेजे
खखरेरू फतेहपुर कस्बा खखरेरू के जवाहर इंटर कॉलेज के पास दिवंगत कासिम अहमद उर्फ दरोगा की स्मृति में प्रत्येक माह की 28 तारीख को आयोजित होने वाले निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में शनिवार को बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर आंखों की जांच कराई। शिविर का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
शिविर में चित्रकूट से आए नेत्र विशेषज्ञ डॉ. पंकज विश्वकर्मा और डॉ. अर्जुन अनुरागी ने मरीजों की जांच की। इस दौरान करीब 100 मरीजों को निःशुल्क चश्मे और दवाएं वितरित की गईं, जबकि 45 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चित्रकूट भेजा गया।
शिविर में मो. हाशिम, मथुरा प्रसाद विश्वकर्मा, नसीम अहमद सहित अन्य लोगों ने मरीजों के पंजीकरण और व्यवस्था में सहयोग किया। मरीजों को फल भी वितरित किए गए।
शिविर में सहाना बेगम (सरवनपुर नेदौरा), गरीबदास (खखरेरू), हसीना बेगम (कोट), कंधई लाल (सोथरापुर), ममता देवी (कनपुरवा), महदेइया (महिमापुर), हनुमंत लाल पांडेय (डेडासई) समेत आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग पहुंचे और शिविर का लाभ उठाया। आयोजकों ने बताया कि यह सेवा कार्य आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।



