ग्रामीण बैंक शाखा प्रबंधक शिवम श्रीवास्तव ने किया गोष्ठी का आयोजन।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला महराजगंज।
उत्तरप्रदेश ग्रामीण बैंक की बृजमनगंज शाखा पर मंगलवार को शाखा प्रबंधक शिवम श्रीवास्तव ने एक गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी के बाद सरकार द्वारा चलाई जा रही सामाजिक बीमा योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत एक मृतक आश्रित को 2 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। यह चेक दौलतपुर निवासी राम उजागिर की पत्नी विनीता को सौंपा गया, जिनके पति का हाल ही में बीमारी के कारण निधन हो गया था।
बैंक पासबुक की जांच के दौरान शाखा को पता चला कि राम उजागिर के खाते से सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत 436 रुपये की कटौती हुई थी। इसी आधार पर, मृत्यु प्रमाण पत्र और नॉमिनी के केवाईसी दस्तावेजों को प्रमाणित कर एक माह के भीतर ही दावा का समाधान कर दिया गया।
इसी अवसर पर, शाखा परिसर में एक ग्राहक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। शाखा प्रबंधक शिवम श्रीवास्तव ने ग्राहकों को सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
इस गोष्ठी में सहायक प्रबंधक शेखर जायसवाल, रोकड़िया शशांक शुक्ला, समाजसेवी शशिकांत जायसवाल, पिंटू वर्मा और ग्राहक सेवा केंद्र संचालक सुनील कुमार सहित कई ग्राहक उपस्थित थे।



