उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंज

बृजमनगंज ब्लॉक के मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत होने पर हंगामा। 

 

 

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज।

 

बृजमनगंज ब्लॉक के धरैची गांव में मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत की जांच के दौरान हंगामा हो गया। विवाद बढ़ने से जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने और गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी गई है। वहीं, शिकायतकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।यह हंगामा आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज एक शिकायत के निस्तारण के दौरान हुआ। शिकायत में मतदाता सूची में नाबालिग बच्चों के नाम शामिल होने और पात्र व्यक्तियों के नाम काटे जाने का आरोप लगाया गया था। इसी शिकायत की जांच के लिए टीम गांव पहुंची थी।जांच के समय ग्राम प्रधान गयासुद्दीन, शिकायतकर्ता विक्रम गुप्ता और दो दर्जन से अधिक ग्रामीण मौके पर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जांच के दौरान किसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद बढ़ने पर हंगामा शुरू हो गया और जांच प्रक्रिया बाधित हो गई।

इस दौरान एक और आरोप ने मामले को और गरमा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि जांच के समय संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) स्वयं उपस्थित नहीं थीं, बल्कि उनके पति मौके पर पहुंचे थे। ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताते हुए सवाल उठाया कि निर्वाचन से जुड़े आधिकारिक कार्य में बीएलओ के स्थान पर उनके पति की मौजूदगी क्यों थी।संबंधित पक्ष की ओर से थाने में तहरीर दी गई है, जिसमें ग्राम प्रधान सहित कई लोगों पर गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शिकायतकर्ताओं ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बृजमनगंज को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की दोबारा और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका तर्क है कि विवाद के कारण जांच पूरी नहीं हो सकी, इसलिए सच्चाई सामने लाने के लिए पुनः जांच आवश्यक है। बृजमनगंज के बीडीओ कृष्ण कांत शुक्ला ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। एडीओ पंचायत गुलाब पाठक के नेतृत्व में एक तीन सदस्यीय टीम गठित की जा रही है, जिसकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!