LIVE TVउत्तर प्रदेशखेलब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्य

पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देवरिया के चार दिवंगत खिलाड़ियों के परिजनों को एक एक लाख भेजा

लार में 26 अक्टूबर को श्रद्धांजलि सभा में वितरित होंगे चेक

एन डी देहाती /स्वाभिमान जागरण 

26 अक्टूबर को लार में दिवंगत चार खिलाड़ियों के परिजनों को मिलेगी एक-एक लाख की सहायता
रेशमा मैरेज हॉल में होगा श्रद्धांजलि सभा एवं चेक वितरण कार्यक्रम, जिले भर के सपाइयों का जुटेगा जमावड़ा
लार (देवरिया)। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सलेमपुर क्षेत्र के चार होनहार टेनिस क्रिकेट खिलाड़ियों के परिजनों को समाजवादी पार्टी की ओर से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए सोमवार, 26 अक्टूबर को लार बाईपास स्थित रेशमा मैरेज हॉल में श्रद्धांजलि सभा एवं चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले भर के समाजवादी पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हादसे में दिवंगत खिलाड़ियों के परिवारों के लिए एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है। सलेमपुर के पूर्व विधायक एवं सपा नेता मनबोध प्रसाद ने बताया कि उन्होंने इस दुखद घटना से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया था। इसके बाद उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।
हादसे में नित्या प्रजापति, अनिकेत सिंह, आनंद यादव और इरफान अंसारी की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। चारों युवा टेनिस क्रिकेट खिलाड़ियों के निधन को खेल जगत और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद ने बताया कि 26 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में दिवंगत खिलाड़ियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ उनके परिजनों को सहायता राशि के चेक सौंपे जाएंगे। उन्होंने सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र सहित जिले भर के पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, पूर्व विधायकों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।
उन्होंने दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ही बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी भी पहुंचेंगे।

 

Related Articles

Back to top button