सरकारी खड़ंजे पर कब्जे के विरोध पर युवक से मारपीट
रास्ते में सीमेंट की नांद और चरही रखने का आरोप, लाठी-डंडों से हमले में युवक घायल_
खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र के बिछियावां गांव में सरकारी खड़ंजे पर कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद हो गया। रास्ते से भैंस लेकर गुजर रहे युवक की भैंस से पानी की बाल्टी गिरने के बाद कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि अतिक्रमण हटाने की बात कहने पर युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इसमें उसके बाएं कंधे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी लाल प्रताप पुत्र गुलजारी लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके घर के पास से करीब सात फीट चौड़ा सरकारी खड़ंजा गुजरता है। आरोप है कि गांव की ही संजना पाल पत्नी आशीष पाल ने रास्ते पर सीमेंट की नांद और चरही बनाकर अतिक्रमण कर रखा है। इससे रास्ता संकरा हो गया है और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है।
पीड़ित के अनुसार, वह सुबह करीब नौ बजे अपनी भैंस लेकर इसी रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान भैंस से पानी की बाल्टी गिर गई। आरोप है कि इसके बाद संजना पाल ने गाली-गलौज शुरू कर दी। लाल प्रताप ने रास्ते से अतिक्रमण हटाने की बात कही तो संजना और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया है।



