झोपड़ी में सो रही महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप
शोर मचाने पर गाली-गलौज करते हुए भागा युवक, पुलिस को दी तहरीर
खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में झोपड़ी में पति के साथ सो रही महिला ने गांव के ही एक युवक पर छेड़छाड़, मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
महिला के अनुसार, उसने गांव के बाहर पशुओं को बांधने के लिए कुरिया बना रखी है। 23 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे वह अपने पति के साथ कुरिया में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का रहने वाला बेलन सोनकर पुत्र स्वर्गीय मेवालाल झोपड़ी के अंदर घुस आया और उसकी चारपाई के पास पहुंचकर अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ करने लगा।
महिला की नींद खुलने पर उसने शोर मचाते हुए अपने पति को जगाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस पर युवक गाली-गलौज करते हुए मौके से भाग निकला। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।ठ



