आकांक्षी ब्लॉकों के अधिकारियों को व्यवहार परिवर्तन का प्रशिक्षण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

स्वाभिमान जागरण देवरिया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में जनपद के चयनित आकांक्षी ब्लॉकों के अधिकारियों के व्यवहार परिवर्तन एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को आकांक्षी ब्लॉकों सहित जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा व्यवहार परिवर्तन की बारीकियों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि अधिकारी जनसामान्य के बीच जाकर अपने कार्य एवं योजनाओं की जानकारी दें तथा लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। साथ ही, व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान पर भी विशेष बल दिया गया।
आयोजित प्रशिक्षण में जनपद के चयनित आकांक्षी ब्लॉक गौरीबाजार, लार, बरहज, भागलपुर एवं बनकटा में निर्धारित विभिन्न मानकों को संतृप्त करने, लोगों को जागरूक करने तथा भ्रांतियों को दूर करने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण स्वाति एवं अंशिका पांडेय द्वारा प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आकांक्षी ब्लॉकों से जुड़े नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान बताई गई सभी बारीकियों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाएं तथा जन-जन को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए व्यवहार परिवर्तन सुनिश्चित करें।
आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में आकांक्षी ब्लॉकों के नामित नोडल अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।


