उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंज

बृजमनगंज में ट्रेन ठहराव की मांग तेज, शिक्षक समुदाय ने सांसद को लिखा पत्र।

15131/15132 का ठहराव बहाल करने की मांग

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला, महराजगंज।

आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज एवं आसपास के क्षेत्र के शिक्षक समुदाय और आम जनता ने लोकसभा सांसद, महराजगंज को पत्र लिखकर ट्रेन संख्या 15131/15132 (नेपालगंज रोड – वाराणसी सिटी एक्सप्रेस)का बृजमनगंज स्टेशन पर पुनः ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने पत्र नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल के माध्यम से महाराजगंज सांसद व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को अवगत कराया कि यह ट्रेन बृजमनगंज क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रेल सेवा रही है। इस ट्रेन के माध्यम से क्षेत्र के लोग गोरखपुर, देवरिया, मऊ, गाजीपुर, सारनाथ एवं वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण स्थानों तक सीधा आवागमन करते रहे हैं।
पूर्व में बृजमनगंज स्टेशन पर इस ट्रेन का नियमित ठहराव होता था, जिससे हजारों यात्रियों को सीधी एवं सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी प्राप्त होती थी। वर्तमान में ठहराव बंद होने के कारण यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए अन्य दूरस्थ स्टेशनों तक जाना पड़ता है, जिससे समय, धन और श्रम की बर्बादी होती है।विशेष रूप से शिक्षक समुदाय के लिए यह समस्या गंभीर है। दूरस्थ विद्यालयों में आने-जाने वाले शिक्षकों को उचित परिवहन सुविधा के अभाव में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र, शोधार्थी, मरीज, बुजुर्ग और दैनिक यात्री भी इससे प्रभावित हो रहे हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख है कि बृजमनगंज क्षेत्र से वाराणसी, गाजीपुर जैसे शहरों के लिए सीधी वैकल्पिक बस या रेल सुविधा उपलब्ध नहीं होने से इस ट्रेन का महत्व और बढ़ जाता है।
वाराणसी (काशी) का धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व भी है। क्षेत्रवासी अपने परिजनों के देहावसान के बाद अंतिम संस्कार एवं अस्थि विसर्जन जैसे धार्मिक कार्यों के लिए वाराणसी जाते हैं। ऐसे संवेदनशील अवसरों पर सीधी रेल सुविधा का अभाव परिवारों के लिए अतिरिक्त कठिनाई का कारण बनता है।
शिक्षक समुदाय एवं क्षेत्रवासियों ने सांसद महोदय से जनहित में हस्तक्षेप कर रेल मंत्रालय से वार्ता कर ट्रेन का ठहराव पुनः बहाल कराने की मांग की है।
इस दौरान शिक्षक एवं शिक्षिका
प्रीती विश्वकर्मा (प्रा० वि० बेला), दिव्या सिंह (प्रा० वि० मोहननगर), प्रिया सिंह, मनोज कुमार जायसवाल, रितेश ,(राजकीय इंटर कॉलेज सहजनवा बाबू), राजीव पाण्डे, भरतलाल, सरफराज, रिंकी वर्मा (आंगनबाड़ी), आरती दूबे, श्वेता शुक्ला, सरिता यादव,सुभाष यादव सहित अनेक शिक्षकों ने मांग पत्र पर अपने हस्ताक्षर किए ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!