अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ अड्डा बाजार में गरजेगी जनता, 20 सितंबर को विशाल धरना।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, पुरन्दरपुर, महराजगंज।
अड्डा बाजार पावरहाउस के अंतर्गत आने वाले गांवों में लगातार हो रही अघोषित एवं असमय बिजली कटौती को लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बिजली की अनियमित आपूर्ति से बच्चों की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई, व्यापार और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। हल्की बारिश के दौरान भी घंटों और कई बार पूरी रात बिजली गुल रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।
जनता की इसी समस्या को लेकर 20 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 10 बजे बिजली विभाग कार्यालय पर विशाल एवं शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस जनहित आंदोलन का नेतृत्व अभिषेक जोशी, पत्रकार युनुस खान एवं अभिषेक सिंह करेंगे।
धरने के माध्यम से विभाग से मांग की जाएगी कि बिजली कटौती का निश्चित समय निर्धारित कर सार्वजनिक किया जाए, रोस्टिंग की प्रक्रिया दिन में पूरी की जाए, रात में अनावश्यक कटौती बंद हो, जर्जर तारों एवं विद्युत उपकरणों को तत्काल बदला जाए तथा बारिश के दौरान होने वाली लगातार विद्युत बाधित समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
आयोजकों ने क्षेत्र के किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, युवाओं, छात्रों एवं सभी नागरिकों से जाति, धर्म और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर भारी संख्या में अड्डा बाजार पहुंचने की अपील की है। साथ ही मीडिया बंधुओं से भी इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने का आग्रह किया गया है।
आयोजकों का कहना है कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि क्षेत्र की बेहतर विद्युत व्यवस्था और जनता के अधिकार के लिए है। यदि सात दिनों के भीतर व्यवस्था में ठोस सुधार नहीं हुआ तो अड्डा बाजार में और बड़ा शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा।


