सोते समय पिता-पुत्र को सांप ने काटा, पुत्र की हालत गंभीर
मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में चल रहा उपचार, पिता की हालत में सुधार

दैनिक स्वाभिमान जागरण संवददाता
खखरेरू फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर 12 रामनगर में मंगलवार तड़के सोते समय पिता-पुत्र को सांप ने काट लिया। दोनों को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज फतेहपुर रेफर कर दिया। पिता की हालत में सुधार बताया जा रहा है, जबकि पुत्र की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी सुनील कुमार तिवारी (35) पुत्र विद्याधर अपने करीब 10 वर्षीय पुत्र अंकुश तिवारी के साथ एक ही बिस्तर पर सो रहे थे। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे छत से अचानक एक सांप बिस्तर पर गिर पड़ा। सांप ने पहले अंकुश के हाथ में काट लिया। घबराकर अंकुश ने हाथ झटका तो सांप ने उसके पिता सुनील को भी काट लिया।
घटना के बाद दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और निजी साधन से पिता-पुत्र को जिला अस्पताल फतेहपुर ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों के अनुसार सुनील की हालत में सुधार है, जबकि अंकुश की हालत गंभीर होने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।


