उत्तर प्रदेशफतेहपुर

शराब के नशे में बेटे ने मां को लाठी-डंडों से पीटा, हालत गंभीर

बीच-बचाव करने पहुंची नातिन से भी मारपीट, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी

दैनिक स्वाभिमान जागरण संवाददाता

खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव में रविवार शाम शराब के नशे में एक युवक ने अपनी बुजुर्ग मां के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची नातिन को भी आरोपी ने पीट दिया। मारपीट में बुजुर्ग महिला के दोनों हाथों और कमर में चोटें आई हैं। पीड़िता ने सोमवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
तेंदुआ गांव निवासी श्यामदुलारी पत्नी ब्रह्मदीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा संतोष कुमार आए दिन गांजा और शराब के नशे में घर आकर गाली-गलौज करता है। रविवार शाम करीब छह बजे संतोष नशे की हालत में घर पहुंचा और मां के साथ अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उसने लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान घर में मौजूद नातिन बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद चोटिल बुजुर्ग महिला रात होने के कारण तत्काल थाने नहीं पहुंच सकी। सोमवार को उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी संतोष कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!