भारत-नेपाल सीमा पर जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण।

दैनिक स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने रविवार को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ठूठीबारी बॉर्डर का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीमा से आने-जाने वाले लोगों की जांच, थर्मल स्कैनिंग और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति परखी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को जांच व्यवस्था और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ठूठीबारी
थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और गतिविधियों की जानकारी दी। एसएसबी बीओपी
ठूठीबारी के जवान भी मौके पर मौजूद रहे। डीएम ने पुलिस और एसएसबी के जवानों से सुरक्षा संबंधी जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सीमा से आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गंभीरता से जांच की जाए। थर्मल स्कैनिंग व्यवस्था को भी पूरी तरह सक्रिय रखा जाए।
उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र की प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल सीमा संवेदनशील क्षेत्र है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस और एसएसबी संयुक्त समन्वय से लगातार निगरानी बनाए रखें।



