नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश के नेतृत्व में आयोजित हुआ कार्यक्रम,पूर्व विधायक भी रहे मौजूद।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला, महराजगंज।
अधिक मास एवं ज्येष्ठ माह के पावन बड़े मंगल के अवसर पर नगर पंचायत बृजमनगंज स्थित रामलीला पड़ाव के शिव मंदिर परिसर में नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल के नेतृत्व में सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस आयोजन में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और सुंदरकांड पाठ से हुई। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और हनुमान जी के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
शाम करीब पांच बजे से ही श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में पहुंचना शुरू हो गया था। देखते ही देखते आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल एवं उनके सहयोगियों द्वारा व्यवस्थित रूप से प्रसाद वितरण कराया गया। भंडारे में सभी वर्गों और समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे सामाजिक समरसता और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।
भण्डारे में पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम, सहयोग और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को बड़े मंगल की शुभकामनाएं देते हुए आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की।
भण्डारे के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता और सद्भाव का संदेश प्रसारित किया गया।
इस अवसर पर सभासद दिलीप गुप्ता, रवि यादव, जेपी गौड़, मनोज जायसवाल, प्रद्युम्न सिंह, झिनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, जितेंद्र कुमार, अनूप चौरसिया, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हरीशचंद्र सोनकर, ब्लॉक प्रमुख उदयराज यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष चंदू सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता जोगिंदर यादव, राजू सिंह, अनुरुद्ध तिवारी, नोहर सिंह, राजू जायसवाल, मंटू मणि त्रिपाठी, मुन्नू दुबे, जितेंद्र शर्मा, कन्हैया चौहान, गुलाब चौरसिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।


