पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, निष्पक्ष व नकलविहीन आयोजन के दिए निर्देश।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के सुचारु, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों तथा निगरानी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी अधिकारियों, ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सॉल्वर गैंग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग तथा अन्य नकल के प्रयासों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।
बैठक में यह भी चेतावनी दी गई कि किसी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले केंद्र प्रभारियों, कर्मचारियों अथवा पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने इसे शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप परीक्षा की गरिमा बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


