उत्तर प्रदेशफतेहपुर

लूटकांड में सुराग तलाश रही पुलिस, कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले

 

खखरेरू  फतेहपुर थाना क्षेत्र के सधवापुर गांव के पास एक जून की रात पशु व्यापारी से हुई 3.50 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अज्ञात बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली हैं और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना के संबंध में किशनपुर थाना क्षेत्र की विजयीपुर चौकी से प्राप्त सूचना के आधार पर खखरेरू पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस पीड़ित पशु व्यापारी द्वारा बताए गए घटनास्थल और उसके आवागमन मार्ग की बारीकी से जांच कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस ने लूट में प्रयुक्त बताए जा रहे बोलेरो वाहन और मोटरसाइकिल के संबंध में सुराग जुटाने के लिए खखरेरू, कनपुरवा, रक्षपालपुर, गुरसंडी और विजयीपुर समेत कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा घटना वाले दिन व्यापारी जिन-जिन स्थानों पर गया था, वहां की गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।

गौरतलब है कि घटना के बाद पीड़ित ने विजयीपुर चौकी पहुंचकर पूरी जानकारी दी थी, लेकिन क्षेत्राधिकार को लेकर खखरेरू और किशनपुर पुलिस के बीच सीमा विवाद के कारण मुकदमा दर्ज होने में देरी हुई। मामले ने तूल पकड़ने पर पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लिया और बाद में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा ने लापरवाही बरतने के आरोप में खखरेरू और किशनपुर के थाना प्रभारियों तथा विजयीपुर चौकी प्रभारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।

कार्यवाहक थाना प्रभारी श्याम सुंदर गिरी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!