रामजानकी मार्ग पर चाकुओं से गोदकर दो युवकों की हत्या, इलाके में सनसनी
दशहरा के बीच दोहरे हत्याकांड से मचा हड़कंप
एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण; खुलासे के लिए तीन टीमें गठित
स्वाभिमान जागरण | मईल (देवरिया)।
दशहरा का त्योहार, सड़कों पर पुलिस की गश्त और सुरक्षा के दावों के बीच रामजानकी मार्ग पर दो युवकों की चाकुओं से गोदकर हत्या किए जाने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। मईल थाना क्षेत्र के बढ़या हरदो गांव के समीप मंगलवार की रात सड़क पर खून से लथपथ दो युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले के खुलासे के लिए स्थानीय पुलिस के साथ अन्य विशेष टीमों को लगाया गया है।
मृतकों की पहचान मईल थाना क्षेत्र के करजहां निवासी वकील यादव पुत्र राजदेव यादव और इसी ग्रामसभा के ईटहुरा हजाम टोला निवासी विनय यादव पुत्र रामछबीला यादव के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से मेला देखने गए थे। इसके बाद किस परिस्थिति में और किन कारणों से उनकी हत्या हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटनास्थल पर सड़क पर दोनों के शव मिले, जबकि उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी थी। पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
रेलवे में कार्यरत था वकील, दूसरे युवक की गोरखपुर में थी तैनाती
मृतक वकील यादव रेलवे कर्मचारी था। उसकी ड्यूटी लार रोड स्थित केबिन पर थी। वहीं, विनय यादव के पिता की मृत्यु के बाद उसे मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी। वह गोरखपुर के आवास विकास विभाग में कार्यरत था। दो युवकों की एक साथ हत्या की खबर मिलते ही उनके परिजनों और गांव के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन घटना की जानकारी लेने के लिए घटनास्थल से लेकर थाने तक पहुंचते रहे।
112 पर मिली थी सड़क पर दो युवकों के घायल होने की सूचना
पुलिस अधीक्षक देवरिया की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना मईल पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास दो व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क पर पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान दोनों की मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों की पहचान सुनिश्चित करने के बाद शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हुआ। पुलिस के अनुसार, परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खुलासे के लिए तीन टीमें गठित
दो युवकों की हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के शीघ्र अनावरण के लिए तीन टीमें गठित कीं। स्थानीय पुलिस के साथ विशेष टीमों को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस घटना के पीछे की वजह, संभावित आरोपियों और वारदात की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
दशहरा के पर्व के बीच रामजानकी मार्ग पर हुए इस दोहरे हत्याकांड ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और हत्यारों के संबंध में पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे इलाके की निगाहें पुलिस की जांच और घटना के खुलासे पर टिकी हैं।



