भागलपुर चौकी प्रभारी और प्रधान ने कराई विसर्जन स्थल की बेहतर व्यवस्था

स्वाभिमान जागरण, मईल (देवरिया)।
नवरात्र के अवसर पर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भागलपुर में मईल पुलिस और ग्राम पंचायत प्रशासन ने सराहनीय पहल की है। सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नदी किनारे विशेष विसर्जन स्थल तैयार कराया गया है।
पुलिस और ग्राम पंचायत प्रशासन के आपसी समन्वय से विसर्जन स्थल पर साफ सफाई, रास्ते को गड्ढामुक्त बनाने और अतिक्रमण हटाने का कार्य कराया गया है।
बताया जाता है कि करीब दो वर्ष पहले तक भागलपुर में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन पक्के पुल से किया जाता था। पुल की स्थिति खराब होने के बाद स्थानीय पुलिस और ग्राम पंचायत प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की। इस वर्ष सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से विसर्जन के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
मईल थानाध्यक्ष विकास नाथ, भागलपुर पुलिस चौकी प्रभारी अजय कुमार राय और ग्राम प्रधान प्रशासक प्रतिनिधि बृजभूषण यादव के संयुक्त प्रयास से नदी किनारे सुरक्षित स्थान पर विसर्जन की व्यवस्था की गई है। ग्राम पंचायत प्रशासन की ओर से जेसीबी लगाकर विसर्जन स्थल और आसपास के रास्तों की साफ सफाई कराई गई है। ऊबड़ खाबड़ जमीन को समतल करने के साथ गड्ढों को भरवाया गया है। वहीं, श्रद्धालुओं और प्रतिमाओं को लेकर आने वाले वाहनों के आवागमन में बाधा न हो, इसके लिए आसपास का अतिक्रमण भी हटवा दिया गया है।
पुलिस और ग्राम पंचायत प्रशासन का प्रयास है कि विसर्जन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े। विशेष रूप से नदी में बढ़े जलस्तर को देखते हुए सुरक्षित स्थान का चयन किया गया है।
स्थानीय पुलिस की सक्रियता और ग्राम पंचायत प्रशासन की इस पहल से मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को मजबूती मिली है।



